भाजपा अध्यक्ष पहले अपना ‘रायता’ समेटें,फिर जनता को ज्ञान दें: यशपाल आर्य
हल्द्वानी, 10 सितंबर (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हल्द्वानी दौरे को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन को कांग्रेस और राहुल गांधी पर टिप्पणी करने के बजाय पहले अपनी पार्टी के भीतर की नाराजगी और गुटबाजी पर ध्यान देना चाहिए।
यशपाल आर्य ने गुरुवार को जारी एक बयान में आरोप लगाया कि भाजपा के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है और इसी वजह से राष्ट्रीय नेतृत्व को बार-बार उत्तराखंड आकर संगठन को संभालना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बंद कमरों में बैठकें करने से जमीनी स्थिति नहीं बदल सकती।
नेता प्रतिपक्ष ने हल्द्वानी के रामलीला मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली से जुड़े कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ उसकी सामाजिक पहचान के आधार पर ऐसा व्यवहार किया गया है तो यह सामाजिक सम्मान और भाईचारे से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से इस मामले पर जवाब मांगा।
श्री आर्य ने कहा कि भाजपा को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय रोजगार, महंगाई, पलायन, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दों पर जनता को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड का युवा रोजगार के लिए परेशान है, जबकि पहाड़ पलायन और स्वास्थ्य-शिक्षा की समस्याओं से जूझ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे दिल्ली से कितने भी बड़े नेता बुला ले, जनता के सवालों से नहीं बच सकती। कांग्रेस नेता ने कहा कि आगामी समय में पार्टी सरकार से उसके कार्यकाल का हिसाब मांगती रहेगी और जनहित के मुद्दों को सदन से सड़क तक उठाएगी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड की साझा संस्कृति, सामाजिक सौहार्द और हर व्यक्ति के सम्मान के लिए खड़ी है और भाजपा की नीतियों और कथित अंतर्कलह को जनता के सामने रखती रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय