रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों में इसी सत्र से प्रवेश शुरू हो : यशपाल आर्य

 




देहरादून, 04 सितंबर (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने राज्य सरकार से रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से ही एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण अभी तक इन मेडिकल कॉलेजों में सत्र शुरू नहीं हो पाया है, जिससे राज्य के गरीब और मेधावी विद्यार्थियों को महंगे निजी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

आर्य ने कहा कि यदि रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों में इसी सत्र से प्रवेश शुरू हो जाता है तो करीब 200 युवाओं का सरकारी मेडिकल कॉलेज में कम फीस पर एमबीबीएस करने का सपना पूरा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में 100 एमबीबीएस सीटों पर इसी सत्र से प्रवेश प्रक्रिया शुरू कराने के लिए राज्य सरकार को केंद्र सरकार और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के साथ आवश्यक समन्वय करना चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लगभग सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद यदि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में 2026-27 से 100 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश शुरू नहीं होता है तो यह सरकार की राजनीतिक और प्रशासनिक विफलता होगी।

उन्होंने पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए भी 100 एमबीबीएस सीटों की मान्यता हासिल करने तथा हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में 25 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटें स्वीकृत कराने की मांग की। आर्य ने कहा कि इससे उत्तराखंड के मेधावी युवाओं को कम शुल्क में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और राज्य को भविष्य में अधिक चिकित्सक उपलब्ध हो सकेंगे।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय