वीआईपी कल्चर पर भारी पड़ा कानून, माल रोड पर गलत दिशा से घुसी कार को आरक्षी ने लौटाया

 


नैनीताल, 15 जुलाई (हि.स.)। मल्लीताल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था के दौरान एक राजनीतिक पार्टी का चिन्ह दिखाकर नियमों का उल्लंघन करने का प्रयास एक कार चालक को भारी पड़ गया। सड़क पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस आरक्षी मनोज जोशी ने राजनीतिक प्रभाव की परवाह किए बिना यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराते हुए गलत से घुस कर मल्लीताल के सिरे पर पहुंची कार को रोककर वापस लौटा दिया। पुलिसकर्मी की निष्पक्ष व कड़ी कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मल्लीताल में एक कार चालक तल्लीताल से मल्लीताल की ओर गलत दिशा से जबरन वाहन निकालने का प्रयास कर रहा था। वाहन पर एक राजनीतिक दल का स्टिकर लगा होने के कारण चालक को उम्मीद थी कि पुलिस उसे बिना रोक-टोक आगे जाने देगी। लेकिन ड्यूटी पर तैनात पुलिस आरक्षी मनोज जोशी ने बैरिकेड लगाकर वाहन को रोक दिया और चालक को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। बताया गया कि चालक ने राजनीतिक प्रभाव का हवाला देकर दबाव बनाने का प्रयास किया, लेकिन जोशी ने स्पष्ट कर दिया कि कानून सभी के लिए समान है और किसी को भी नियम तोड़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

इसके बाद चालक को मौके पर ही वाहन यू-टर्न कर वापस जाना पड़ा। घटना के बाद सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर पुलिसकर्मी की निष्पक्षता, कर्तव्यनिष्ठा और साहस की सराहना की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी