डेंगू पर निगम का बड़ा अभियान, 15 लार्वीसाइडल टैंकरों को किया रवाना
देहरादून, 04 जून (हि. स.)। मानसून सीजन को देखते हुए डेंगू की रोकथाम के लिए नगर निगम देहरादून ने विशेष लार्वीसाइडल टैंकर अभियान शुरू किया है। गुरुवार को नगर निगम परिसर से महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया।
निगम के अनुसार डेंगू वाहक मच्छरों के लार्वा को शुरुआती अवस्था में ही नष्ट करने और संक्रमण की रोकथाम के उद्देश्य से प्रथम चरण में लगभग 15 लार्वीसाइडल टैंकर शहर के विभिन्न वार्डों और संवेदनशील क्षेत्रों के लिए रवाना किए गए हैं। ये टैंकर जलभराव वाले स्थानों, नालों, खाली भूखंडों, निर्माणाधीन स्थलों और अन्य संभावित मच्छर प्रजनन क्षेत्रों में नियमित छिड़काव और उपचारात्मक कार्रवाई करेंगे।
निगम प्रशासन ने बताया कि अभियान के तहत लार्वीसाइडल छिड़काव के साथ जनजागरूकता कार्यक्रम, क्षेत्रीय निरीक्षण, स्रोत नियंत्रण और विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाए जाएंगे। इसका उद्देश्य डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए निवारक उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करना है।
महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि डेंगू जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रशासन और नागरिकों की संयुक्त भागीदारी आवश्यक है। वहीं नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों को सभी वार्डों में समयबद्ध ढंग से अभियान संचालित करने और संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, पानी की टंकियों को ढककर रखें, कूलर और गमलों का पानी नियमित रूप से बदलें व डेंगू रोकथाम अभियान में सक्रिय सहयोग करें। इस अवसर पर मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, उप नगर आयुक्त तनवीर सिंह मरवाह, सहायक नगर आयुक्त राजबीर सिंह चौहान सहित निगम के अधिकारी, कर्मचारी और पार्षद उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय