रक्षाबंधन कार्यकम मे महिलाओं ने विधायक पोरी को बांधी राखी
पौड़ी गढ़वाल, 25 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर संस्कृति विभाग का प्रेक्षागृह भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता से सराबोर नजर आया। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। महिलाओं ने विधायक पोरी को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और उनका मुंह मीठा कराया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला और ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान महिला सशक्तिकरण, लखपति दीदी योजना और नारी शक्ति वंदन अधिनियम समेत महिलाओं के अधिकारों और उनकी सामाजिक-आर्थिक भागीदारी को लेकर चर्चा की गई। रक्षाबंधन के अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी ने भी बहनों के प्रति सम्मान और स्नेह का इजहार करते हुए 750 से अधिक महिलाओं को राखी बांधी और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। विधायक ने कहा कि महिलाएं परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान रक्षाबंधन की खुशियां और भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता देखने को मिली। इस मौके पर कनिष्ठ प्रमुख नीरज पटवाल, विवेक रावत, गौरव रावत, भारत भूषण नैथानी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार कवि गणेश खुगशाल ‘गणी’ ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह