सोमवार को मीट- मांस की दुकानें बंद रखने की मांग

 

पौड़ी गढ़वाल, 18 जुलाई (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर श्रावण माह के प्रत्येक सोमवार को शहर की सभी मीट-मांस की दुकानों को बंद रखने की मांग की है।

बजरंग दल के जिला संयोजक अरूण चमोली ने ज्ञापन देकर कहा कि श्रावण माह भगवान शिव को समर्पित माना जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं, सोमवार का व्रत रखकर शिव पूजा-अर्चना करती हैं। मंदिरों और घरों में धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन व पूजा-पाठ आयोजित होते हैं और अधिकांश लोग पूरे माह शाकाहार का पालन करते हैं।

श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था एवं भावनाओं का सम्मान करते हुए शहर में सावन के प्रत्येक सोमवार को मीट-मांस की सभी दुकानों को बंद रखने के निर्देश जारी किए जाएं। इससे धार्मिक माहौल और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। ज्ञापन देने वालों में रोहित, मनोज आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह