बागवान में जमीन की खरीद-फरोख्त पर ग्राम पंचायत हुई सख्त

 


नई टिहरी, 29 नवंबर (हि.स.)। टिहरी जिले के कीर्तिनगर ब्लॉक के बागवान गांव में कृषि और असिंचित भूमि की लगातार हो रही खरीद-फरोख्त को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। रविवार को ग्राम प्रधान नरेश कोठियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में गांव की भूमि, सार्वजनिक रास्तों और सामुदायिक संसाधनों के संरक्षण के लिए कई प्रस्ताव पारित किए गए। ग्रामीणों ने भूमि की खरीद-फरोख्त में ग्राम पंचायत का अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) लेने की व्यवस्था लागू करने की मांग की।

बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि पिछले कई वर्षों से ग्राम पंचायत की जानकारी के बिना कृषि एवं असिंचित भूमि का बड़े पैमाने पर हस्तांतरण हो रहा है। इससे गांव के पारंपरिक स्वरूप, सार्वजनिक रास्तों और सामुदायिक संसाधनों पर असर पड़ने की आशंका है।

प्रस्ताव के अनुसार, भूमि बेचने वाले खातेदार को संबंधित खाते के अन्य सभी सह-खातेदारों से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेना होगा। भूमि की बिक्री से पहले पटवारी की मौजूदगी में चारों दिशाओं में सीमांकन भी कराया जाएगा।

ग्रामीणों ने प्रस्ताव रखा कि गांव से बाहर का कोई व्यक्ति ग्राम सभा के भीतर या उसकी सीमा पर दो नाली से अधिक भूमि गैर-आवासीय प्रयोजन के लिए खरीदता है तो उसे संबंधित उद्देश्य के दस्तावेज ग्राम पंचायत को उपलब्ध कराने होंगे। भूमि के राजस्व नक्शे और मौके पर मौजूद सार्वजनिक रास्तों को सुरक्षित रखना भी अनिवार्य करने की मांग की गई।

बैठक में प्रॉपर्टी डीलरों और बिचौलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा भूमि खरीद-फरोख्त में किसी कर्मचारी की संलिप्तता पाए जाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता गणेश भट्ट, ज्योति प्रसाद बंगवाल, जोत सिंह, हर्ष लाल, मथुरा प्रसाद, बीडीसी सदस्य भारती देवी, अभिषेक रावत, नीरज बंगवाल, विक्रम चौहान, बीरबल चौहान, अनिल पांडे, मकानी देवी, लक्ष्मी देवी, भारती लाल, नरेंद्र लाल और राम प्रसाद भट्ट सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी