किच्छा भूमि विवाद में कानून से ऊपर कोई नहीं, अवैध कब्जाधारियों पर होगी कार्रवाई: महेंद्र भट्ट
- भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- कानून का सम्मान करे विपक्ष
देहरादून, 02 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने किच्छा भूमि विवाद मामले में कांग्रेस विधायक और नेताओं की भूमिका को गैर-जिम्मेदाराना बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कानून का राज है और कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक या अन्य किसी प्रभाव के आधार पर अवैध कब्जों को संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
गुरुवार को महेंद्र भट्ट ने पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व की खुशामद में कुछ नेता एक बुजुर्ग महिला का भी अपमान कर रहे हैं,जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार की अवैध कब्जों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति है। चाहे व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, किसी को भी भूमि या संपत्ति पर अवैध कब्जे की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कांग्रेस के स्थानीय नेताओं पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि दबाव की राजनीति या बयानबाजी से सरकार के नीतिगत निर्णयों अथवा प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रिया पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस मामले में भी कानून अपना कार्य पूरी निष्पक्षता के साथ करेगा और किसी व्यक्ति की राजनीतिक या सामाजिक हैसियत कार्रवाई में बाधा नहीं बनेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय