लक्सर चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 09 सितंबर (हि.स.)। हरिद्वार जिले के कोतवाली लक्सर क्षेत्र के मुंडाखेड़ा कलां गांव में एक घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 30-31 अगस्त की मध्यरात्रि गांव निवासी नवीन के घर में अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसके बाद दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपितों का शिकायतकर्ता के घर पहले से आना-जाना था और उन्हें घर में नकदी व आभूषण रखे होने की जानकारी थी। इसी जानकारी के आधार पर उन्होंने मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक, चोरी के बाद आरोपितों ने नकदी खर्च कर दी थी, जबकि आभूषण बेचकर मिलने वाली रकम को आपस में बांटने की योजना थी। इससे पहले ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चोरी के आभूषण बरामद कर लिए।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आशीष सैनी उर्फ गादड़ (26), पुत्र सुखबीर सैनी और ललित कुमार उर्फ पाशा (24), पुत्र मुनेश, निवासी मुंडाखेड़ा कलां, लक्सर के रूप में हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला