लोहाघाट में केवी शिफ्टिंग का समाधान

 


चंपावत, 15 अप्रैल (हि.स.)। लंबे समय से अटकी केंद्रीय विद्यालय के नए भवन में शिफ्टिंग अब जल्द शुरू होने जा रही है। बिजली के खंभों की वजह से रुकी यह प्रक्रिया अब पटरी पर लौट आई है, जिससे छात्रों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है।

मामले का संज्ञान लेते हुए सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने विद्युत लाइन और पोलों को हटाने के लिए सांसद निधि से बजट जारी कर दिया है। इससे इस प्रमुख बाधा के समाधान का रास्ता साफ हो गया है।

नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने भी इस मुद्दे को लगातार उठाया और इसे हल कराने के लिए सांसद अजय टम्टा से पूर्व में बातचीत की थी। उनकी सक्रिय पहल और लगातार प्रयासों का ही परिणाम है कि अब यह समस्या दूर हो गई है।

गोविंद वर्मा ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह लोहाघाट के विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। उन्होंने कहा कि अब विद्यालय को नए भवन में शिफ्ट करने में कोई बड़ी बाधा नहीं बची है।

उन्होंने यह भी बताया कि जिला प्रशासन ने भी इस मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में विभागों के बीच समन्वय बनाकर प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया गया।

अब खंभों के हटते ही विद्यालय को नए भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। इससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और अभिभावकों की लंबे समय से चली आ रही समस्या खत्म होगी। स्थानीय स्तर पर इसे शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी