कुंभ मेला : अवस्थापना कार्यों में तेजी, अक्टूबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य

 


हरिद्वार, 20 अप्रैल (हि.स.)। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत अवस्थापना से जुड़े करीब तीन दर्जन महत्वपूर्ण कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। इन सभी परियोजनाओं को अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में सोमवार को मेलाधिकारी सोनिका ने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित एजेंसियों को तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने सीसीआर-2 भवन (कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि यह भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा और मेले के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन तथा निगरानी का प्रमुख केंद्र बनेगा।

मेलाधिकारी ने कहा कि स्नान पर्वों और सप्ताहांत पर संभावित भारी भीड़ के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो सकता है। ऐसे में पहले से ही निर्माण सामग्री और आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के कड़ाई से पालन पर जोर देते हुए बताया कि भवन के शीर्ष तल पर हेलीपैड भी विकसित किया जा रहा है, जिससे आपातकालीन सेवाओं और वीआईपी मूवमेंट में सुविधा मिलेगी।

कार्यदायी संस्था को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण स्थल पर नियमित निगरानी रखी जाए और उपयोग में लाई जा रही सामग्री की समय-समय पर जांच की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी परियोजनाओं को 31 अक्टूबर तक हर हाल में पूरा करना अनिवार्य है। निरीक्षण के दौरान दयानंद सरस्वती, मंजीत सिंह गिल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला