कुंभ मेले में बाहरी लोगों के सत्यापन को लेकर एसएसपी सख्त
हरिद्वार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की प्रक्रिया तेज कर दी है। बुधवार को एसएसपी कुंभ मेला आयुष अग्रवाल ने सीसीआर हरिद्वार स्थित सभागार में कुंभ मेला पुलिस और अभिसूचना विभाग के अधिकारियों के साथ सत्यापन कार्य की समीक्षा की।
एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेला क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन संवेदनशील ड्यूटी है। इसलिए प्रत्येक सत्यापन पूरी गंभीरता और सावधानी के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित सत्यापन फार्म पर संबंधित व्यक्ति की फोटो चस्पा करने के साथ ही फार्म के प्रत्येक बिंदु को ध्यानपूर्वक और पूर्ण रूप से भरा जाए।
उन्होंने सत्यापन टीमों को प्रतिदिन अधिक से अधिक बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सत्यापन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए इसमें किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में मंडलाधिकारी कुंभ मेला संतोष बगड़वाल, निरीक्षक एसआईओ कुंभ मेला संजय सिंह, निरीक्षक एलआईयू विवेक सनवाल, निरीक्षक एलआईयू राजेंद्र रावत समेत अभिसूचना विभाग और कुंभ मेला क्षेत्र में सत्यापन के लिए नियुक्त सभी टीमों के सदस्य मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला