कुंभ की तैयारियों में तेजी, बैरागी कैंप से शंकराचार्य चौक तक व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

 




हरिद्वार, 13 अक्टूबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने प्रमुख मार्गों, प्रवेश द्वारों और चौराहों को बेहतर स्वरूप देने की कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप से शंकराचार्य चौक तक विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप के प्रवेश द्वार, आईरिस पुल के आसपास और फ्लाईओवर के नीचे के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने पीआईयू के अधिकारियों को जमा मलबा हटाने, नियमित साफ-सफाई कराने और सौंदर्यीकरण के कार्यों में तेजी लाने को कहा।

आईरिस पुल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रमुख मार्गों और पुलों के आसपास बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना जरूरी है। सभी कार्य स्थल की जरूरतों के अनुरूप कराए जाएं, जिससे आवागमन सुगम और सुरक्षित बना रहे।

शंकराचार्य चौक पर मेलाधिकारी ने सौंदर्यीकरण और फसाड संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने चौक और आसपास के क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप देने के लिए उपलब्ध स्थान तथा सड़क की स्थिति के अनुरूप कार्य कराने को कहा। इसके साथ ही डाम कोठी मार्ग के चौड़ीकरण कार्य की प्रगति भी परखी।

सड़क किनारे लगे विद्युत और अन्य पोलों को यातायात में बाधा बनने से रोकने के लिए उपयुक्त स्थानों पर स्थापित करने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) और नगर निगम को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने को कहा गया।

मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुंभ के विकास कार्यों में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ हरिद्वार के समग्र स्वरूप को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उद्यान अधिकारी ए.आर. जोशी, पीआईयू के अभियंता सरीन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला