कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में समयबद्धता और जवाबदेही पर जोर

 


हरिद्वार, 06 जून (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सीसीआर सभागार में उच्च स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य एवं केंद्र सरकार के विभागों, एजेंसियों और संबंधित संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाएं और हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 राज्य की प्रतिष्ठा और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने की आवश्यकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों की निगरानी के लिए प्रत्येक माह उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। आगामी बैठकों में केवल विभागों के नामित नोडल अधिकारी ही प्रतिभाग करें, ताकि कार्यों की सटीक जानकारी और त्वरित निर्णय सुनिश्चित हो सकें।

आयुक्त ने कहा कि कुंभ मेला की तैयारियों में विभिन्न विभागों की भूमिकाएं आपस में जुड़ी हुई हैं, इसलिए बेहतर समन्वय के साथ लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति और चुनौतियों का त्वरित समाधान आवश्यक है। उन्होंने रेलवे, परिवहन और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ाने तथा आकस्मिक परिस्थितियों के लिए वैकल्पिक एवं आपातकालीन कार्ययोजनाएं तैयार रखने के निर्देश भी दिए।

कुंभ मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका तथा रेलवे की ओर से मुरादाबाद मंडल की मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने ऑनलाइन सहभागिता करते हुए प्रस्तावित तैयारियों की जानकारी साझा की।

बैठक में आशीष चौहान, मयूर दीक्षित, नवनीत सिंह भुल्लर, आयुष अग्रवाल तथा प्रमेन्द्र डोबाल ने भी उपयोगी सुझाव प्रस्तुत किए। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने सफाई, सैनिटेशन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी दी, जबकि अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती ने स्वीकृत कार्यों की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक में स्वास्थ्य, वित्त, रेलवे तथा अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ वर्चुअल माध्यम से टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भी सहभागिता की। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि समन्वित प्रयासों और समयबद्ध कार्यान्वयन से कुंभ मेला-2027 का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला