कुंभ-2027 : नवंबर तक सड़क-फुटपाथ से लेकर घाट और पुल तक होंगे दुरुस्त
हरिद्वार, 08 सितंबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को मेला सभागार में पत्रकार वार्ता में मेलाधिकारी सोनिका ने स्वीकृत विकास कार्यों की जानकारी दी।
मेलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन का फोकस श्रद्धालुओं को बेहतर आवागमन और सुविधाएं देने के साथ शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर है। अधिकांश कार्यों को नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि कुछ कार्य मानसून के बाद गति पकड़ेंगे।
लोक निर्माण विभाग के तहत कुंभ-2027 के लिए पुराने दिल्ली-नीति पास राज्य मार्ग सहित हरिद्वार शहर के विभिन्न आंतरिक मार्गों का बिटुमिनस कंक्रीट (बीसी) से नवीनीकरण प्रस्तावित है। कई स्थानों पर नए फुटपाथों का निर्माण भी होगा।
हर की पैड़ी से ललतारों सेतु तक की गलियों के सुधारीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य भी स्वीकृत किया गया है। इससे प्रमुख धार्मिक क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम होगी।
कुंभ तैयारियों के तहत ऋषिकेश क्षेत्र में भी सड़क सुधार के कार्य प्रस्तावित हैं।
इसमें ऋषिकेश-भानियावाला मार्ग के किलोमीटर 1 और 2 के शहरी हिस्से में बीसी से सुधार तथा आईडीपीएल कैनाल गेट से सिटी गेट तक मार्ग के सुधार का कार्य शामिल है। मेलाधिकारी के अनुसार कुछ कार्यों में निविदा प्रक्रिया दोबारा कराई जा रही है।
90 मीटर का दो लेन पुल और स्नान घाट का निर्माण
सिंचाई विभाग के तहत धनौरी-सिडकुल लिंक मार्ग पर पथरी रौ नदी एवं पुरानी गंग नहर साइफन के डाउनस्ट्रीम में 90 मीटर स्पान का कंपोजिट स्टील गर्डर दो लेन सेतु बनाया जाएगा। इसके अलावा बहादराबाद विकासखंड में वैरागी कैंप चैनल पर स्नान घाट का निर्माण कराया जाएगा। घाट निर्माण की समयसीमा 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि सभी कार्यों को समयसीमा में पूरा कराना और गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को नियमित निगरानी और समयबद्ध प्रगति के निर्देश दिए गए हैं।
पत्रकार वार्ता में अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला