कांवड़ मेला : यातायात पुलिस का सम्मेलन, सुरक्षित और सुचारु व्यवस्था पर मंथन

 


हरिद्वार, 12 जुलाई (हि.स.)। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात पुलिस लाइन, कमलदास कुटिया में सम्मेलन एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ मेले के दौरान बेहतर यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

सम्मेलन में यातायात पुलिस हरिद्वार, यातायात पुलिस रुड़की तथा सीपीयू हरिद्वार एवं रुड़की के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री निशा यादव ने पिछले कांवड़ मेले के अनुभवों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से मिले सुझावों को गंभीरता से सुना। साथ ही अधिकारियों द्वारा दिए गए व्यवहारिक सुझावों पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर सीपीयू प्रभारी निरीक्षक हितेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक यातायात हरिद्वार संदीप सिंह नेगी तथा प्रभारी निरीक्षक यातायात रुड़की राजेंद्र नाथ ने ड्यूटी के दौरान अनुशासन, बेहतर समन्वय, सतर्कता, प्रभावी यातायात संचालन, श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार तथा त्वरित निर्णय क्षमता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

बैठक के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आगामी कांवड़ मेला-2026 के दौरान जनसुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्ण समर्पण, टीम भावना और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला