निर्माणाधीन फुटपाथ का तकनीकी निरीक्षण, गुणवत्ता और एलाइनमेंट दुरुस्त रखने के निर्देश

 


हरिद्वार, 22 सितंबर (हि.स.)। आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मंगलवार को भगत सिंह चौक, ऋषिकुल चौराहे के आसपास निर्माणाधीन फुटपाथ तथा साक्षी सतनाम घाट और अमरापुर घाट क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का तकनीकी निरीक्षण किया गया। मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में टेक्निकल निरीक्षण टीम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कुंभ मेले को लेकर जनपद में विभिन्न स्थायी निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने के लिए टेक्निकल सेल के साथ थर्ड पार्टी निरीक्षण टीम द्वारा भी लगातार स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान उत्तराखंड शासन से नामित विशेष समन्वयक अधिकारी कुंभ मेला गंगा प्रसाद पंत ने भगत सिंह चौक और ऋषिकुल चौराहे के पास निर्माणाधीन फुटपाथ से संबंधित कार्य विवरण का बोर्ड तत्काल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को फुटपाथ का एलाइनमेंट निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।

साक्षी सतनाम घाट और अमरापुर घाट क्षेत्र में भी निर्माण कार्यों का जायजा लिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कुंभ मेले से जुड़े अन्य निर्माण कार्यों का भी नियमित तकनीकी निरीक्षण किया जा रहा है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और कार्यों की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उप मेला अधिकारी आकाश जोशी, अधीक्षण अभियंता एवं कुंभ मेला नोडल अधिकारी (निर्माण कार्य) अरविंद भट्ट, कार्यदायी संस्था के अधिकारी-कर्मचारी तथा तृतीय पक्ष संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला