कुंभ पुलिस की तैयारियां तेज,पुलिस लाइन और घुड़सवार लाइन का निरीक्षण
हरिद्वार, 14 नवंबर (हि.स.)। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के तहत पुलिस प्रशासन ने बुनियादी व्यवस्थाओं को धरातल पर उतारने की कवायद तेज कर दी है। शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल ने ऋषिकुल मैदान-2 और बैरागी कैंप में प्रस्तावित पुलिस लाइन और घुड़सवार लाइन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिसकर्मियों के ठहरने, आवास और मूलभूत सुविधाओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्थल के समतलीकरण और लेआउट प्लान के अनुरूप तैयार किए जा रहे बैरकों का निरीक्षण किया। इसके अलावा भोजनालय, शौचालय, स्नानागार और ब्रीफिंग हॉल के लिए टिन टेंटेज की व्यवस्था भी देखी।
एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों और ठेकेदारों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में ड्यूटी के लिए आने वाले पुलिस बल के ठहरने और अन्य जरूरी सुविधाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी निर्माण कार्य तय समय में पूरे किए जाएं, ताकि मेले के दौरान पुलिसकर्मियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कुंभ जोधराम जोशी, अपर पुलिस अधीक्षक संचार विपिन कुमार, पुलिस उपाधीक्षक लाइन वेद प्रकाश भट्ट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव, कंपनी कमांडर आदेश कुमार, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन संजीव कुमार शर्मा और कंपनी कमांडर प्रमोद रावत सहित अस्थायी थानों के निर्माण के लिए गठित पुलिस टीमों के सदस्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला