कुम्भ 2027: बहादराबाद और ज्वालापुर में बन रहे घाटों का अपर मेलाधिकारी ने किया निरीक्षण
हरिद्वार, 03 नवंबर (हि.स.)। अर्द्धकुंभ मेले की तैयारियों के तहत गंगा घाटों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर मेला प्रशासन ने जोर दिया है। मंगलवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बहादराबाद और ज्वालापुर क्षेत्र में निर्माणाधीन घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति परखी।
उन्होंने कार्यदायी संस्था को सभी निर्माण कार्य समय पर पूरा करने और गुणवत्ता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। बहादराबाद में बैरियर संख्या छह के पास बन रहे छठ पूजा घाट तथा ज्वालापुर में जटवाड़ा पुल और दुर्गा मंदिर के समीप निर्माणाधीन घाटों का निरीक्षण किया गया।
अपर मेलाधिकारी ने कहा कि गंगनहर बंदी की अवधि का उपयोग करते हुए घाटों के जलमग्न हिस्सों का निर्माण प्राथमिकता पर युद्धस्तर पर पूरा किया जाए।
गुणवत्ता के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण भी कराया जाए। घाटों का निर्माण इस तरह हो कि मेले में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक स्नान मिल सके।
बहादराबाद में बैरियर-6 के पास करीब 200 मीटर लंबा छठ पूजा घाट, ज्वालापुर में जटवाड़ा पुल के अपस्ट्रीम में 300 मीटर और दुर्गा मंदिर के पास 30 मीटर लंबा घाट बनाया जा रहा है।
इनके बनने से स्थानीय लोगों और पर्वों पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी।
स्थानीय लोगों और मंदिर समिति ने घाट निर्माण के लिए सरकार और मेला प्रशासन का आभार जताया। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के ईई अनुभव नौटियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला