रोड़ी-बेलवाला से बैरागी कैंप तक बनेगा निकासी मार्ग, कुंभ तैयारियों का मेलाधिकारी ने लिया जायजा
हरिद्वार, 23 सितंबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत बुधवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने रोड़ी-बेलवाला और शोल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने हाथी पुल से शिवसेतु होते हुए धनुष पुल तक चल रहे निर्माण कार्यों और जनसुविधाओं का जायजा लिया।
मेलाधिकारी ने पुलों और घाटों के अनुरक्षण, नए घाटों के निर्माण तथा भीड़ प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीडीसीसी के अधिकारियों को यूआईआईडीबी के तहत हरकी पैड़ी और रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास से जुड़े प्रमुख कार्य कुंभ से पहले पूरे करने के निर्देश दिए। शिवसेतु और धनुष पुल के बीच निर्माणाधीन घाट का निरीक्षण करते हुए उन्होंने यहां स्वच्छता, प्रकाश और अन्य आवश्यक जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। धनुष पुल से आस्था पथ को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे पैदल मार्ग को भी शीघ्र पूरा करने को कहा।
मेलाधिकारी ने कहा कि धनुष पुल से आस्था पथ होते हुए बैरागी कैंप तक बनने वाला मार्ग हरकी पैड़ी क्षेत्र से श्रद्धालुओं की निकासी के लिए महत्वपूर्ण है। कुंभ के दौरान आकस्मिक निकासी व्यवस्था में यह मार्ग प्रमुख कड़ी के रूप में काम करेगा। उन्होंने निर्माण में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी कार्य गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, परियोजना प्रबंधक यूपीडीसीसी सुमित मलवाल समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला