कुम्भ मेला के स्थायी कार्यों को 31 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश

 


हरिद्वार, 24 फ़रवरी (हि.स.)। कुम्भ मेला-2027 के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए मेला प्रशासन ने स्वीकृत स्थायी विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के लिए 31 अक्टूबर तक का समय निश्चित किया है।

मेलाधिकारी सोनिका के नामित अधिकार निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा व गुणवत्ता नियंत्रण के लिए लगातार कार्यस्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि निर्माण कार्यों की प्रगति गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जा सके।

इसी सिलसिले में मंगलवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ कुम्भ मेला-2027 के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण सामग्री की नियमित जांच कराने तथा सभी तकनीकी एवं गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक कार्य की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से मेला कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा।

मेला प्रशासन ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया है कि वे स्वीकृत कार्यों को आगामी 31 अक्टूबर, 2026 तक हर हाल में पूर्ण करें। अपर मेलाधिकारी ने धनौरी-सिडकुल लिंक मार्ग पर पथरी रौ नदी-पुरानी गंग नहर पर स्वीकृत पुल के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नींव निर्माण एवं पाइलिंग की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह सेतु कुम्भ मेला अवधि में यातायात को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कुम्भ मेला की तैयारियों के अंतर्गत बहादराबाद विकासखण्ड में धनौरी-सिडकुल मोटर मार्ग के हॉटमिक्स द्वारा डामरीकरण एवं सुधार कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। लगभग 8.4 किलोमीटर लंबाई तक इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए अपर मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त हिस्सों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए तथा समुचित ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने अधिकारियों की टीम के साथ रोशनाबाद, हरिद्वार में निर्माणाधीन औषधि भंडारण कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री की नियमित सैंपलिंग कराई जाए तथा समय-समय पर थर्ड पार्टी गुणवत्ता परीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान कुम्भ मेला के लिए गठित तकनीकी सेल के अधिशासी अभियंता प्रवीन कुमार सहित संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला