कुंभ निर्माण कार्यों में पारदर्शिता की मांग, कांग्रेस नेताओं ने मेलाधिकारी से की मुलाकात
हरिद्वार, 09 सितंबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच कांग्रेस नेताओं ने निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और स्थायी विकास सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने कुंभ मेलाधिकारी सोनिका से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने कुंभ निर्माण कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरतने के साथ ही पूर्व विधायक अंबरीष कुमार और राज्य आंदोलनकारियों के नाम पर घाट घोषित करने की मांग रखी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कुंभ मेला सनातन संस्कृति की पहचान है और इसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में मेले के लिए होने वाले निर्माण कार्य केवल अस्थायी जरूरतों तक सीमित न रहें, बल्कि स्थायी और जनोपयोगी सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और सोम त्यागी ने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखी जाए, ताकि कुंभ के बाद भी स्थानीय नागरिक इन सुविधाओं का लंबे समय तक लाभ उठा सकें । उन्होंने पार्किंग, अस्पताल और अन्य आवश्यक जनसुविधाओं से जुड़े स्थायी निर्माण पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने यह भी अपील की कि ऐसी योजनाएं बनाई जाएं जिनके निर्माण के बाद उन्हें दोबारा तोड़ने या हटाने की स्थिति उत्पन्न न हो। इससे सरकारी धन की बचत के साथ-साथ शहर में अनावश्यक अव्यवस्था से भी बचा जा सकेगा। इस दौरान पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास, सोम त्यागी, विवेक त्यागी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला