कुंभ-2027: रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन की बनेगी विशेष योजना

 


हरिद्वार, 22 अक्टूबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 के दौरान रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

गुरुवार को कुंभ मेला पुलिस महानिरीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने सीसीआर हरिद्वार में उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल, जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक में कुंभ के दौरान भीड़ प्रबंधन, रेलवे यातायात योजना, स्टेशन प्लान और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित बनाने पर चर्चा हुई। मुख्य स्नान पर्वों पर मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन और हरिद्वार स्टेशन पर भीड़ का दबाव बढ़ने पर आसपास के स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की संभावनाओं पर मंथन किया गया।

अधिकारियों ने यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया, आसपास के स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण और स्टेशन परिसर में आवाजाही सुचारु रखने के उपायों की समीक्षा की। हरिद्वार से गंतव्य को रवाना होने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी के लिए रेलवे की योजना और एसओपी पर भी चर्चा हुई।

बैठक में भीड़ बढ़ने पर वैकल्पिक संसाधनों को सक्रिय करने पर जोर दिया गया।

आईजी डॉ. रावत ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार करने और सुरक्षा व सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव, एसपी रेलवे अरुणा भारती, एएसपी कुंभ राजेश भट्ट और डीएसपी जीआरपी अनुज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला