कुंभ को लेकर यातायात का मेगा प्लान तैयार करने में जुटा प्रशासन

 


हरिद्वार, 02 सितंबर (हि.स.)। कुम्भ मेला-2027 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को सीसीआर हरिद्वार में यातायात नियंत्रण उपसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह ने की, जिन्हें उत्तराखंड शासन की ओर से गठित यातायात नियंत्रण उपसमिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

बैठक में कुम्भ मेले के दौरान संभावित यातायात दबाव, श्रद्धालुओं की भारी भीड़, वाहनों की आवाजाही और भीड़ नियंत्रण से जुड़ी चुनौतियों का पूर्व आकलन करते हुए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर चर्चा की गई। समिति का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक अखाड़ा सदस्य और श्रद्धालु की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के साथ ही कुंभ क्षेत्र में यातायात को सुचारु व बाधामुक्त बनाए रखना है।

कुम्भ मेला के दौरान यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए उत्तराखंड शासन द्वारा मार्च 2026 में एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में यातायात नियंत्रण उपसमिति का गठन किया गया था। समिति में देहरादून, ऋषिकेश और टिहरी के संबंधित अधिकारियों के साथ धर्मशालाओं, अखाड़ों, होटल, आश्रम, टैक्सी संचालक, रोडवेज, रेलवे मुरादाबाद, परिवहन विभाग सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के अधिकारियों और प्रतिनिधियों को सदस्य बनाया गया है।

बैठक में अधिकारियों और विभिन्न स्टेकहोल्डरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। समिति द्वारा कुम्भ मेले के दौरान यातायात को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

पैदल मार्गों पर भी विशेष फोकस

बैठक में कुम्भ मेले के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए प्रस्तावित पैदल मार्गों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। भीड़ की संभावित स्थिति को देखते हुए पैदल मार्गों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने के उपायों पर चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पैदल मार्गों की व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

एसएसपी नवनीत सिंह ने यातायात व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ संभावित समस्याओं पर चर्चा करते हुए कहा कि कुम्भ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में यातायात प्रबंधन सबसे महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं में से एक है। सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल के माध्यम से ऐसी व्यवस्था तैयार की जानी है, जिससे श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम रहे और किसी भी मार्ग पर अनावश्यक यातायात दबाव न बनने पाए।

इन अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

बैठक में एसडीएम मंजीत सिंह, सत्यनारायण शर्मा अध्यक्ष ऑटो-विक्रम, देवेंद्र भट्ट कोषाध्यक्ष टैक्सी स्टैंड, हरिश सिंह बिष्ट अध्यक्ष टैक्सी स्टैंड, विशाल चंद्र एसीएम रोडवेज, प्रवीण आलोक प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरिद्वार, वीपी भट्ट सीओ कुम्भ, योगेश कुमार अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी हरिद्वार, एचडी भट्ट एसएसआई कोतवाली नगर, विपेन्द्र सीओ यातायात हरिद्वार, हितेश कुमार सीपीयू प्रभारी और संदीप नेगी यातायात निरीक्षक हरिद्वार मौजूद रहे। इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम से नरेंद्रनगर की एसडीएम आशीष और ऋषिकेश की एसडीएम कुमकुम जोशी भी बैठक से जुड़ीं।

समिति की आगामी बैठकों में यातायात दबाव वाले प्रमुख मार्गों, पार्किंग व्यवस्था, पैदल मार्गों, सार्वजनिक परिवहन, आपातकालीन आवागमन और भीड़ नियंत्रण से जुड़े बिंदुओं पर विस्तृत मंथन कर कुम्भ-2027 के लिए एक व्यापक यातायात प्रबंधन योजना तैयार की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला