कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच हरिद्वार में स्वच्छता अभियान, 10 टन कूड़ा एकत्र
हरिद्वार, 25 अक्टूबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच हरिद्वार में स्वच्छता अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में रविवार को प्रेम नगर आश्रम के अनुयायियों और साधु-संतों ने आश्रम के घाट तथा आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया। इसमें कई सौ लोगों ने श्रमदान किया और करीब 10 टन गीला एवं सूखा कूड़ा एकत्र कर निस्तारण के लिए भेजा।
गंगा बंदी के दौरान आयोजित अभियान में घाटों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की गई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने इसे जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर गंगा घाटों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के प्रयासों के साथ सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की भागीदारी से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाया जा सकता है। ऐसे प्रयासों से पर्यावरण और गंगा के प्रति लोगों में जिम्मेदारी का भाव विकसित होता है। उन्होंने संस्थाओं और आमजन से स्वच्छ हरिद्वार के संकल्प में सहयोग की अपील की।
प्रेम नगर आश्रम के महाप्रबंधक महात्मा सौम्यानंद ने कहा कि स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। परम पूज्य गुरुजी श्री सतपाल महाराज के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आश्रम में व्यापक स्तर पर स्वच्छता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गंगा की निर्मलता और पवित्रता बनाए रखने के लिए सभी को आगे आना होगा।
पवन कुमार ने कहा कि कुंभ के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में घाटों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार का अनुभव मिल सके।
अभियान में अनुज रावत, शंकर लाल शर्मा, मोतीलाल, नरेंद्र कुमार सहित आश्रम के अनुयायियों, साधु-संतों और स्वयंसेवकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने लोगों से घाटों पर कूड़ा नहीं फैलाने और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला