कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ चुनाव में यतिन पांडे अध्यक्ष निर्वाचित

 


नैनीताल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के छात्र महासंघ चुनाव में एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी के यतिन पांडे अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। गुरुवार को विश्वविद्यालय के हरमिटेज परिसर में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई।

राजकीय महाविद्यालय सितारगंज के जितेंद्र धामी उपाध्यक्ष, राजकीय महाविद्यालय गदरपुर की सुपर्णा भक्त छात्रा उपाध्यक्ष, एचएनबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा के संचित सिंह सचिव, राजकीय महाविद्यालय किशनपुर, गौलापार, हल्द्वानी की उदिति पांडे संयुक्त सचिव तथा पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर के भुवन जोशी कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए।

चुनाव अधिकारी प्रो. मनोज कुमार आर्य ने विजयी पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और निर्बाध रूप से संपन्न हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी