पौड़ी परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट पर

 


पौड़ी गढ़वाल, 04 सितंबर (हि.स.)। बीजीआर कैंपस पौड़ी में छात्रसंघ चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विभिन्न पदों पर कुल 15 नामांकन होने के बाद अब चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस भी सक्रिय हो गई है। शुक्रवार को कोतवाली पौड़ी में पुलिस ने छात्र-छात्राओं और छात्र प्रतिनिधियों के साथ समंवय बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पौड़ी जयपाल नेगी ने छात्र प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी सौहार्द कायम रखने और अनुशासन का पालन करने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चुनावी माहौल में किसी भी तरह का हुड़दंग या ऐसी गतिविधि न हो, जिससे परिसर की शांति प्रभावित हो।

बैठक में छात्र प्रतिनिधियों ने भी चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने अन्य छात्र-छात्राओं से भी अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने की अपील की। पुलिस ने छात्र-छात्राओं को भरोसा दिलाया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, छात्रों ने पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह