चौ. राजेंद्र सिंह को मिली किसान आयोग की कमान
रुड़की, 24 सितंबर (हि.स.)। लंबे समय से रिक्त चल रहे उत्तराखंड किसान आयोग के अध्यक्ष पद पर धामी सरकार ने हरिद्वार के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चौ. राजेंद्र सिंह को नियुक्त किया है।
देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चौ. राजेंद्र सिंह को नियुक्ति पत्र सौंपा और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
नई जिम्मेदारी पर चौ. राजेंद्र सिंह ने कहा कि यह पद सम्मान के साथ बड़ी जवाबदेही भी है। प्रदेश के किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सरकार के समक्ष रखेंगे और किसान हितों के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ भाजपा के प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया।
चौ. राजेंद्र सिंह की नियुक्ति को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के तौर पर उनका ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों में सक्रिय संपर्क रहा है। अब उनके सामने कृषि, सिंचाई, फसलों के उचित दाम और ग्रामीण अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार और किसानों के बीच समन्वय की बड़ी चुनौती होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला