सांसद निधि से रुड़की को मिली नई अंतिम यात्रा बस

 


रुड़की, 11 जुलाई (हि.स.)। मालवीय चौक स्थित निर्वाण आश्रम को शनिवार को राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी की सांसद निधि से नई अंतिम यात्रा बस की सौगात मिली।

बस का लोकार्पण सांसद कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और मेयर अनीता अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया।

करीब 30 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई इस बस के शुरू होने से रुड़की से हरिद्वार अंतिम संस्कार के लिए जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक आश्रम में केवल एक ही बस थी।

उसके बाहर जाने पर अन्य परिवारों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। दूसरी बस से अब समय पर वाहन उपलब्ध हो सकेगा।

सांसद कल्पना सैनी ने कहा कि दुख की घड़ी में लोगों को असुविधा न हो, इसी उद्देश्य से यह पहल की गई है। जनसेवा सिर्फ विकास तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक जरूरतों को पूरा करना भी दायित्व है।

मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि यह बस जरूरतमंदों का सहारा बनेगी और सम्मानजनक अंतिम यात्रा में मदद करेगी। मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि नगरवासियों की लंबे समय से यह मांग थी। कार्यक्रम में निर्वाण आश्रम के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, उपाध्यक्ष अशोक भूटानी, डीपी सिंह, रमेश रावल सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला