खो-खो में नरेंद्रनगर ओवरऑल चैंपियन, कबड्डी में जौनपुर-भिलंगना ने मारी बाजी

 


नई टिहरी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। थौलधार ब्लॉक के जीआईसी छाम में आयोजित 24वीं जनपदीय खो-खो एवं कबड्डी क्रीड़ा प्रतियोगिता गुरुवार को संपन्न हो गई। खो-खो में नरेंद्रनगर ब्लॉक ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। कबड्डी के अंडर-14 बालक वर्ग में जौनपुर और बालिका वर्ग में भिलंगना की टीम विजेता रही।

समापन समारोह में ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह भंडारी ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं के लिए खेल के क्षेत्र में बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध हैं और विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ना चाहिए।

प्रतियोगिता की मीडिया प्रभारी चक्रधर प्रसाद भद्री ने बताया कि खो-खो के अंडर-19 बालक वर्ग में नरेंद्रनगर विजेता और थौलधार उपविजेता रहा। बालिका वर्ग में जौनपुर और भिलंगना क्रमशः विजेता व उपविजेता रहे। अंडर-17 बालक वर्ग में नरेंद्रनगर और प्रतापनगर, बालिका वर्ग में नरेंद्रनगर और देवप्रयाग तथा अंडर-14 बालक वर्ग में नरेंद्रनगर और देवप्रयाग क्रमशः विजेता व उपविजेता रहे। अंडर-14 बालिका वर्ग में थौलधार विजेता और जौनपुर उपविजेता रहा।

कबड्डी के अंडर-19 बालिका वर्ग में देवप्रयाग विजेता और जौनपुर उपविजेता, अंडर-17 बालिका वर्ग में जौनपुर विजेता और थौलधार उपविजेता रहा। अंडर-14 बालक वर्ग में प्रतापनगर विजेता और जौनपुर उपविजेता तथा बालिका वर्ग में जाखणीधार विजेता और भिलंगना उपविजेता रही।

इस मौके पर प्रधानाचार्य मदन पंवार, प्रदीप रावत, बीईओ एचके श्रीवास्तव, जिला समन्वयक विनोद नेगी समेत अन्य शिक्षक एवं खेल अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी