पहलवानी ग्रामीण संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा: गौतम
हरिद्वार, 22 अगस्त (हि.स.)। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खेड़ी शिकोहपुर में शनिवार को विशाल दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में क्षेत्र के प्रतिभाशाली पहलवानों ने भाग लेकर विभिन्न मुकाबलों में अपने दांव-पेंच का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य मनोज कुमार गौतम ने कहा कि पहलवानी ग्रामीण संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का मंच प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार खेलों और खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजनों से युवाओं में खेल भावना विकसित होती है और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
दंगल देखने के लिए ग्राम खेड़ी शिकोहपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी पहुंचे। पहलवानों के बीच हुए मुकाबलों ने दर्शकों में रोमांच पैदा किया। विजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राव शफात,राव अथर,मोहम्मद इनाम,इस्लाम,शारिक,मुनीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला