हरिद्वार ग्रामीण की जनता इस बार विकास के साथ खड़ी हो: मुख्यमंत्री धामी
-खाट पर आम महोत्सव में किसानों संग धामी ने चखा दशहरी आम का स्वाद, यतीश्वरानंद के पक्ष में की अपील
हरिद्वार, 21 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र की जनता से पिछली विधानसभा चुनाव में हुई चूक को इस बार नहीं दोहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद की हार का असर क्षेत्र के विकास कार्यों पर पड़ा है।
मंगलवार को हरिद्वार ग्रामीण स्थित मैंगो फार्म हाउस में स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में आयोजित 'खाट पर आम महोत्सव' में पहुंचे मुख्यमंत्री ने किसानों के साथ दशहरी आम का स्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं स्वीकृत की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र को मेडिकल कॉलेज,लालढांग में मॉडल डिग्री कॉलेज,बहादुरपुर जट में राजकीय डिग्री कॉलेज और खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम जैसी सौगातें दी गई हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने के लिए जनता को भाजपा के साथ खड़ा होना होगा। उन्होंने अपील की कि आगामी चुनाव में भाजपा जिस भी प्रत्याशी को मैदान में उतारे, उसे समर्थन देकर विकास की गति को बनाए रखें।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वह स्वयं किसान और सैनिक परिवार से आते हैं और राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने तथा युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए समान नागरिक संहिता, मदरसा बोर्ड समाप्त करने और लव जिहाद के खिलाफ सख्त कानून का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों को समान सम्मान और अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। खनन क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड को 200 करोड़ रुपये की सहायता दिए जाने की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने गंगा कॉरिडोर और दिल्ली से हरिद्वार की यात्रा को दो घंटे तक सीमित करने वाली योजनाओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, अनिल गोयल, करतार सिंह भड़ाना, संजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं किसान मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला