खरसाड़ा गांव में एडीएमके नेतृत्व में क्रॉप कटिंग की
नई टिहरी, 11 सितंबर (हि.स.)। फसलों की औसत उपज और कुल उत्पादन के सटीक आंकड़े जुटाने के लिए एडीएम शैलेंद्र नेगी ने गजा तहसील के खरसाड़ा गांव में क्रॉप कटिंग की। उन्होंने मडुआ की फसल की क्रॉप कटिंग प्राप्त कर उपज का जायजा लिया। साथ ही ग्रामीणों से बातचीत कर फसल की स्थिति और उत्पादन की जानकारी ली।
शुक्रवार को मडुआ (कोदा) के उत्पादन का आंकड़ा जुटाने के लिए राजस्व विभाग की टीम एडीएम नेगी की अगुवाई में खरसाड़ गांव की किसान रेखा देवी के खेत में पहुंची। टीम ने 30 वर्ग मीटर के खेत में तैयार फसल का सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से क्रॉप कटिंग का प्रयोग किया। प्राप्त फसल को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सूखने के बाद 15 दिन पश्चात उपज का वास्तविक आकलन किया जाएगा।
एडीएम ने संबंधित कर्मियों से मडुआ की किस्म और बीज की जानकारी लेते हुए क्रॉप कटिंग का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शिता और सटीकता से करने को कहा है। कहा कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर फसलों की औसत उपज और कुल उत्पादन का आंकलन किया जाएगा। इन्हीं आंकड़ों का उपयोग फसल क्षति की स्थिति में मुआवजा और फसल बीमा की राशि निर्धारित करने में भी किया जाता है। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और इच्छुक किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इस मौके पर तहसीलदार राजेंद्र गुनसोला, कानूनगो पवन कुमार, बीडीसी लक्ष्मण रावत, सांख्यिकी सहायक हर्षित उप्रेती, पटवारी मदन लाल उनियाल, नीरज नेगी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी