पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर उत्तराखंड में तीन दिन का राजकीय शोक

 


देहरादून, 19 मई (हि. स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर प्रदेश सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक की घोषणा की है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं।

सामान्य प्रशासन विभाग के अपर सचिव महावीर सिंह चौहान के हस्ताक्षर से जारी आदेश में बताया गया है कि 19 मई से 21 मई तक पूरे प्रदेश में राजकीय शोक रहेगा। इस दौरान राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा तथा किसी भी प्रकार के शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। आदेश में कहा गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी का अंतिम संस्कार 20 मई को पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम संस्कार के दिन राज्य सरकार के समस्त कार्यालय बंद रहेंगे।

इस आदेश में सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय