आस्था के सैलाब के बीच मुस्तैद खाकी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा में दिन-रात डटे जवान
पौड़ी गढ़वाल, 10 अगस्त (हि.स.)। आस्था के अथाह सैलाब के बीच लाखों श्रद्धालुओं के आगमन, दर्शन और जलाभिषेक को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने की बड़ी जिम्मेदारी पुलिस जवानों के कंधों पर है। भीड़ का दबाव हो, खराब मौसम की चुनौती या दुर्गम मार्गों की कठिन परिस्थितियां, पुलिस जवान हर मोर्चे पर पूरी मुस्तैदी और धैर्य के साथ डटे हुए हैं।
कांवड़ यात्रा और नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच पुलिसकर्मी लगातार अपने ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद जवानों के उत्साह और कर्तव्यनिष्ठा में कोई कमी नहीं दिखाई दे रही है। पुलिस जवानों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। दिन-रात लगातार ड्यूटी करते हुए जवान न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए हुए हैं, बल्कि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं की मदद भी कर रहे हैं। विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान पुलिस की मुस्तैदी और अनुशासन व्यवस्था की मजबूत कड़ी बनी हुई है। आस्था के इस महासैलाब के बीच खाकी का यही समर्पण यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह