चंपावत में खड़ी होली महोत्सव का भव्य शुभारम्भ, मुख्यमंत्री ने संस्कृति संरक्षण का दोहराया संकल्प

 




चंपावत, 24 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत में कलश संगीत कला समिति की ओर से आयोजित खड़ी होली महोत्सव का वर्चुअल माध्यम से मंगलवार को विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने कुमाऊँ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुमाऊँ अंचल की खड़ी होली एवं बैठकी होली केवल एक पर्व या सांस्कृतिक आयोजन नहीं हैं, बल्कि यह समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक लोकसंगीत और सामाजिक समरसता की सजीव अभिव्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही यह परंपरा लोक आस्था, सांस्कृतिक चेतना और सामूहिक एकता को सशक्त बनाती आई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। होली के पारंपरिक गीतों, वाद्ययंत्रों और सामूहिक सहभागिता से परिपूर्ण यह उत्सव नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोककला, लोकभाषा और लोकसंस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश में विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों, मेलों और महोत्सवों को प्रोत्साहन देकर स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया जा रहा है, जिससे सांस्कृतिक धरोहर सशक्त हो रही है और कलाकारों को नई पहचान मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को नई ऊर्जा देंगे तथा सामाजिक सौहार्द और सामूहिकता की भावना को और अधिक मजबूत करेंगे। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल क्षेत्र की सांस्कृतिक समृद्धि को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, कलाकार एवं सांस्कृतिक प्रेमी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय