केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं पर सरकार की पैनी नजर, विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी होगी दूर

 


देहरादून, 18 अगस्त (हि.स.)। केदारनाथ धाम यात्रा को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए राज्य सरकार ने यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी तेज कर दी है। प्रभारी सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने मंगलवार को रुद्रप्रयाग में संचालित केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की वर्चुअल समीक्षा की और अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग ने बताया कि वर्तमान में केदारनाथ यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा पेयजल और विद्युत आपूर्ति की स्थिति सामान्य है।

प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग से लेकर केदारनाथ धाम तक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए। यात्रियों की सुविधा से जुड़ी छोटी से छोटी समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

डॉ.आर. राजेश ने यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हैं, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सकों की कुछ कमी महसूस की जा रही है। जिला प्रशासन ने अतिरिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती का अनुरोध किया है।

प्रभारी सचिव ने यात्रियों को बेहतर और समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से श्रद्धालु केदारनाथ पहुंच रहे हैं, इसलिए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य तंत्र पूरी तरह तैयार रहना चाहिए।

समीक्षा में यात्रा मार्ग पर घोड़ा-खच्चरों और अन्य पशुओं से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई। अधिकारियों को पशुओं के स्वास्थ्य, नियमित चिकित्सा जांच और संचालन व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

प्रभारी सचिव ने कहा कि घोड़ा-खच्चरों के साथ मानवीय व्यवहार किया जाए और पशु कल्याण से जुड़े निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित हो।

उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।

डॉ.आर.राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सामने आने वाली किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए और व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा के साथ आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं।------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय