कांवड़ मेला: तैयारियों को समयबद्ध ढंग से अंतिम रूप दें, पड़ोसी राज्यों से बेहतर समन्वय करें: महाराज

 


हरिद्वार, 03 जुलाई (हि.स.)। आगामी कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर हरिद्वार जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने आज सीसीआर सभागार में अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने और पड़ोसी राज्यों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल है और लाखों श्रद्धालु प्रतिदिन हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों के प्रशासन के साथ समन्वय बढ़ाकर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था, विश्राम स्थलों सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही सभी व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण (ड्राई रन) भी किया जाए।

बैठक में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। सतपाल महाराज ने कहा कि यह उत्तराखंड की अतिथि देवो भवः की परंपरा और शिवभक्तों के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा यातायात प्रबंधन, पार्किंग, डायवर्जन और भीड़ नियंत्रण की योजनाओं का पहले से परीक्षण कर लें।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विभागवार तैयारियों की प्रगति प्रस्तुत करते हुए बताया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जा रहे हैं। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर और पुलिस अधीक्षक (यातायात) निशा यादव ने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, पार्किंग, डायवर्जन और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी संबंधी तैयारियों की जानकारी दी।

गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा का संचालन सुचारु रूप से हो सके।

बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार कांवड़ मेला-2026 को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने चारधाम यात्रा की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि 2 जुलाई 2026 तक चारधाम एवं हेमकुंड साहिब में कुल 42,72,040 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें यमुनोत्री में 6,30,576, गंगोत्री में 6,76,902, केदारनाथ में 13,81,107, बद्रीनाथ में 14,14,639 तथा हेमकुंड साहिब में 1,68,825 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर नगर निगम किरण जैसल, विधायक बीएचईएल रानीपुर आदेश चौहान, ज्वालापुर रवि बहादुर, भगवानपुर श्रीमती ममता राकेश, झबरेड़ा वीरेन्द्र, पिरान कलियर फुरकान अहमद, जिला अध्यक्ष भाजपा आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष भाजपा आशु चौधरी, लव शर्मा, दायित्वधारी राज्यमंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि, राज्यमंत्री नितिन गौतम , दायित्वधारी सदस्य मनोज कुमार गौतम , नगर आयुक्त नंदन कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सचिव एचआरडीए प्रत्यूष सिंह, सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला