कारगिल विजय दिवस शौर्य दिवस पर वीर नारियों को किया सम्मानित
हरिद्वार, 26 जुलाई (हि.स.)। जिला सैनिक कल्याण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस को जनपद में शौर्य दिवस के रूप में हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी द्वारा कारगिल शहीदों एवं अन्य शहीद सैनिकों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। शहीदों की याद में 2 मिनट का मौन रखा गया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आज कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ है। इस दिन हमारे वीर सैनिकों ने अदम्य साहस से दुश्मन को खदेड़कर विजय प्राप्त की। इस युद्ध में प्रदेश के 75 सैनिक शहीद हुए। उन्होंने कहा कि सैनिक कठिन परिस्थितियों में देश की रक्षा कर रहे हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद के 08 शहीद सैनिकों की वीर नारियों एवं परिजनों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। एनसीसी कैडेटों एवं खिलाड़ियों को पदक जीतने पर ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र दिए गए।
मेयर श्रीमती किरण जैसल ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देशभक्ति की प्रेरणा देता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सिमरनजीत कौर ने नालसा की योजनाओं की जानकारी देते हुए सैनिकों व उनके परिजनों को निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ लेने को कहा। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी डॉ. सरिता पंवार ने बताया कि कारगिल युद्ध में जनपद के राइफलमैन मान सिंह गोसाईं शहीद हुए थे। इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, भूतपूर्व सैनिक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला