हापुड़ के गौरव ने कृत्रिम पैर और एक हाथ से उठाई 21 लीटर गंगाजल की कांवड़
हरिद्वार, 06 अगस्त (हि.स.)। आस्था और हौसले की मिसाल पेश करते हुए हापुड़ निवासी 29 वर्षीय गौरव शर्मा कृत्रिम पैर और एक हाथ के सहारे 21 लीटर गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। वर्ष 2013 में हुए सड़क हादसे में गौरव ने अपना बायां पैर और दायां हाथ गंवा दिया था। लंबे उपचार के बाद कृत्रिम पैर लगा, लेकिन शुरुआती दिनों में चलना भी मुश्किल था। गौरव ने हार नहीं मानी। अभ्यास और आत्मविश्वास से उन्होंने खुद को फिर खड़ा किया।
इस बार वे लगातार दूसरी बार हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर पैदल अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। गौरव ने बताया कि यह यात्रा वे परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और सबके कल्याण की मन्नत के लिए कर रहे हैं। करीब 8 दिन में यात्रा पूरी करने का संकल्प है।
गौरव का कहना है, भोलेनाथ की कृपा और आस्था ने हर मुश्किल में हिम्मत दी है। कृत्रिम पैर के साथ 21 लीटर जल लेकर चलना आसान नहीं, पर शिव की कृपा से सब संभव है। हरकी पैड़ी पर मौजूद श्रद्धालुओं ने गौरव के जज्बे को सलाम किया। उनका साहस देखकर लोग भाव-विभोर हो उठे और हर-हर महादेव के जयघोष से उनका उत्साह बढ़ाया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला