110वीं बार गंगाजल लेकर निकले बुढ़ाना के 83 वर्षीय केशर पाल

 


रुड़की, 05 अगस्त (हि.स.)।श्रावण मास में शिवभक्ति और आस्था की मिसाल पेश करते हुए बुढ़ाना निवासी 83 वर्षीय केशर पाल 110वीं बार हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गांव की ओर रवाना हुए।

पिछले 55 वर्षों से केशर पाल हर साल दो बार पैदल हरिद्वार आकर भगवान शिव के लिए गंगाजल ले जाते हैं। इस बार भी वे हर-हर महादेव के जयघोष के साथ यात्रा कर रहे हैं। रास्ते में कुछ देर के लिए वे गंगनहर रोड स्थित प्रेस क्लब रुड़की के कांवड़ सेवा शिविर में रुके। यहां उन्होंने प्रसाद ग्रहण किया और विश्राम किया।

केशर पाल ने बताया कि वे अपनी इस यात्रा को बेटा-बेटियों, पोता-पोतियों सहित पूरे परिवार, देश और समाज की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना के लिए करते हैं। 83 वर्ष की उम्र में भी उनका जोश और दृढ़ संकल्प युवाओं के लिए प्रेरणा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सच्ची आस्था के सामने उम्र कोई मायने नहीं रखती।

प्रेस क्लब रुड़की शिविर पहुंचने पर अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने केशर पाल को पटका पहनाकर और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों और शिविर में मौजूद लोगों ने उनसे आशीर्वाद लिया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला