डॉग स्क्वायड व बीडीएस टीम का सर्च अभियान, संवेदनशील क्षेत्रों की कड़ी निगरानी

 


हरिद्वार, 04 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेला-2026 को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में डॉग स्क्वायड एवं बम निरोधक दस्ता की टीमों ने विभिन्न कांवड़ मार्गों, मेला क्षेत्र एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार भ्रमण कर सघन सर्च अभियान चलाया।

टीमों ने प्रमुख मंदिरों, घाटों, पार्किंग स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स की सहायता से गहन जांच की। अभियान के दौरान संदिग्ध वस्तुओं, लावारिस सामान और संभावित सुरक्षा जोखिमों की बारीकी से पड़ताल की गई।

पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसी उद्देश्य से डॉग स्क्वायड एवं बीडीएस टीमों द्वारा नियमित रूप से संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन ने आमजन एवं कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत निकटतम पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला