कांवड़ियों की सेवा के लिए भाकियू सर्व ने लगाया निशुल्क दवा व फल वितरण शिविर
हरिद्वार, 05 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के उद्देश्य से भारतीय किसान यूनियन सर्व की ओर से ज्वालापुर स्थित कांवड़ पटरी मार्ग पर निशुल्क दवा एवं फल वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विधायक आदेश चौहान और मेयर किरण जैसल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
विधायक आदेश चौहान ने भारतीय किसान यूनियन सर्व के सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु लंबी दूरी पैदल तय करते हैं, जिससे उन्हें थकान के साथ-साथ कई बार चोट और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में रास्ते में निशुल्क दवा और प्राथमिक उपचार की सुविधा मिलने से कांवड़ियों को बड़ी राहत मिलती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं यात्रा की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
मेयर किरण जैसल ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है और इससे भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि वर्ष में दो बार आयोजित होने वाले कांवड़ मेले में करोड़ों श्रद्धालु धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं की सहायता करना अत्यंत सराहनीय पहल है। शिविर में कांवड़ियों को निशुल्क दवाइयां, प्राथमिक उपचार तथा ताजे फलों का वितरण किया गया।
इस दौरान सत्यनारायण शर्मा, रश्मि चौधरी, राजेश रस्तोगी, अनिल शर्मा, आदित्य नागर, जसविंदर सिंह, गोविंद सिंह, नवीन तेश्वर, प्रमोद राठौर, कुलदीप विश्नोई, डॉ. अविनाश, राजीव थपलियाल, ताहिर हसन, नीतू सिंह, रूबी, गोपाल भारद्वाज, धर्मेश पाल, आकाश शुक्ला, अरुणा आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला