कांवड़ियों की सेवा करना सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं पुण्य और सेवा का अवसर भी : स्वामी यतीश्वरानंद

 


कांवड़ियों की सेवा में आगे आएं सामर्थ्यवान, शिवभक्तों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य : स्वामी यतीश्वरानंदफेरुपुर में तीन दिवसीय विशाल भंडारे का शुभारंभ, पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कांवड़ियों को परोसा भोजन

हरिद्वार, 08 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से गुजर रहे शिवभक्तों की सेवा के लिए अब समाज के सामर्थ्यवान लोगों से आगे आने का आह्वान किया गया है। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम फेरुपुर में आयोजित विशाल भंडारे में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कांवड़ियों को भोजन प्रसाद वितरित कर सेवा की।

शनिवार को फेरुपुर में सहकारी समिति के चेयरमैन पंकज सैनी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय विशाल भंडारे का शुभारंभ स्वामी यतीश्वरानंद ने कांवड़ियों को भोजन प्रसाद परोसकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा विश्व की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में से एक है और लाखों शिवभक्त कठिन तपस्या करते हुए सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा कर अपने आराध्य भगवान शिव के लिए गंगाजल लेकर जाते हैं।

स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पुण्य और सेवा का अवसर भी है। उन्होंने यात्रा मार्ग पर बसे ग्रामीणों के साथ ही अन्य सामर्थ्यवान लोगों से भी कांवड़ियों की सेवा में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि तपती गर्मी, लंबी दूरी और तमाम कठिनाइयों के बावजूद शिवभक्त आस्था के साथ अपनी यात्रा पूरी करते हैं। ऐसे में उनके लिए भोजन, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

भंडारे के आयोजक पंकज सैनी ने बताया कि कांवड़ियों की सुविधा को देखते हुए तीन दिनों तक 24 घंटे लगातार भोजन भंडारा संचालित किया जाएगा। उन्होंने भंडारे में सहयोग और सेवा करने वाले सभी लोगों का आभार जताते हुए कहा कि शिवभक्तों की सेवा का यह क्रम पूरी श्रद्धा के साथ जारी रहेगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान, वरिष्ठ नेता शेषराज सैनी, मंडल अध्यक्ष सुशील पंवार, ग्राम प्रधान अमित सैनी, अंकित सैनी, हेमंत सैनी, राकेश सैनी, दिनेश सैनी, अनिल सैनी प्रधान, रामपाल प्रधान, दिलीप प्रधान, सोहनवीर पाल, तेलूराम, विनय सैनी, वीरभान सैनी, हुकुम सैनी, सुशील सैनी ठेकेदार, मनोज सैनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला