बैरागी कैंप पार्किंग का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा के सख्त निर्देश

 


हरिद्वार, 02 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेला के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बैरागी कैंप पार्किंग एवं कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैरागी कैंप पार्किंग में आने वाले शिवभक्त कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पेयजल, बिजली, चिकित्सा सुविधा, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और पार्किंग सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को पूरी तरह दुरुस्त और सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि पार्किंग स्थल पर वाहनों का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाए। यातायात व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग, संकेतक बोर्ड और पुलिस बल की तैनाती की जाए। साथ ही पेयजल के लिए लगाए गए स्टैंड पोस्ट से निकलने वाले पानी की उचित निकासी की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ड्रोन कैमरों के माध्यम से पार्किंग क्षेत्र और आसपास के संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी की जाए। जिलाधिकारी और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिवभक्त कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रत्येक व्यवस्था की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला