कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, व्यवस्थाओं से गदगद हुए शिवभक्त

 


हरिद्वार, 31 जुलाई (हि.स.)। श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा परवान पर है। हरिद्वार में देशभर से पहुंचे लाखों शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। इस बीच उत्तराखंड सरकार और हरिद्वार जिला प्रशासन द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए किए गए व्यापक इंतजामों की श्रद्धालु खुलकर सराहना कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से आए शिवभक्त मांगे राम प्रजापति ने कहा कि इस बार उत्तराखंड सरकार ने कांवड़ियों की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किए गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार लगातार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रख रही है। दिल्ली से पहुंचे अभिषेक गुर्जर ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह पेयजल, चिकित्सा शिविर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से आने वाले शिवभक्तों के लिए प्रशासन ने बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

वहीं दिल्ली से आए शिवभक्त राहुल ने हरिद्वार जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि कांवड़ियों की आवाजाही के लिए अलग सर्विस रोड को सुरक्षित रखा गया है, जिससे यात्रा सुगम और व्यवस्थित बनी हुई है। इससे श्रद्धालुओं को बिना किसी बाधा के अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर यात्रा मार्गों पर पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रशासन लगातार सक्रिय है।

शिवभक्तों ने राज्य सरकार और हरिद्वार जिला प्रशासन द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रबंधों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला