कांवड़ मेले में अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : एडीजी

 


कांवड़ मेले में भीड़ और यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर,एडीजी बोले-श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

देहरादून, 27 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाले कांवड़ मेला-2026 को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने सोमवार को ऋषिकेश में देहरादून, टिहरी और पौड़ी जनपदों में मेले की ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ दायित्वों के निर्वहन के निर्देश दिए। उन्हाेंने कांवड़ मेले में अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि कांवड़ मेला प्रदेश का अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जिसके दौरान लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना भी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशीलता और जिम्मेदारियों की पूरी जानकारी रखने और पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सतर्कता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों का व्यवहार पूरे मेले की व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी श्रद्धालुओं के साथ संयमित, विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाएं और यात्रा के दौरान उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

अपर पुलिस महानिदेशक ने यातायात एवं भीड़ प्रबंधन पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के वाहनों को केवल पूर्व से चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क कराया जाए। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थलों पर पेयजल, प्रकाश, शौचालय और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

उन्होंने कांवड़ मार्ग पर स्थापित होने वाली अस्थायी दुकानों और बाहरी राज्यों से व्यवसाय के लिए आने वाले व्यक्तियों का विधिवत सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रत्येक संदिग्ध गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी जाए तथा सत्यापन अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।

अपर पुलिस महानिदेशक ने सभी अधिकारियों से समन्वय, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की भावना के साथ कार्य करते हुए कांवड़ मेला-2026 को सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न कराने का आह्वान किया।

ब्रीफिंग में पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरुप,पुलिस उपमहानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था),वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र सिंह डोबाल देहरादून,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय