हरिद्वार काँवड़ मेला 2026 : पुलिस ने यातायात प्लान जारी किया

 


हरिद्वार, 28 जुलाई (हि.स.)।

हरिद्वार पुलिस ने श्रावण मास के कांवड़ यात्रा मेला के लिए यातायात व्यवस्था तय कर दी है। इस साल श्रावण मास मंगलवार 28 जुलाई से शुरू हो रहा है। श्रावण मास में 4 सोमवार क्रमसः 3, 10, 17 और 24 अगस्त को पड़ेंगे और मुख्य पर्व श्रावण शिवरात्रि 11 अगस्त 2026 को मनाई जाएगी।

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि इस अवधि में विभिन्न मार्गों पर रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी।

पुलिस के अनुसार सामान्य दिनों में हरिद्वार आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित मार्ग बनाए गए हैं, जबकि दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, पंजाब, हरियाणा, मुरादाबाद, बिजनौर, नजीबाबाद, देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले कांवड़ वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

रोडवेज और निजी बसों के संचालन के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से आने वाली बसों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक भेजा जाएगा, जबकि देहरादून और ऋषिकेश से आने वाली बसों के लिए मोतीचूर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। भारी वाहनों पर भी चरणबद्ध प्रतिबंध लगाया गया है। 5/6 अगस्त से 11 अगस्त तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं चारधाम यात्रा पर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं ताकि यात्रा सुचारु रूप से जारी रह सके।

पैदल कांवड़ियों के लिए भी अलग रूट तय किए गए हैं। हर की पैड़ी से दिल्ली, मेरठ, सहारनपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, देहरादून और ऋषिकेश की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्गों से ही आवागमन करना होगा। हरिद्वार पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित रूट का ही उपयोग करें और किसी भी असुविधा से बचने के लिए यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला