कालेशन मंदिर में चार दिवसीय देवी महोत्सव संपन्न
लोहाघाट, 21 जुलाई (हि.स.)। चंपावत जिले के लोहाघाट ब्लॉक स्थित कनेडी के कालेशन मंदिर में आयोजित चार दिवसीय देवी महोत्सव का मंगलवार को भव्य रथ यात्रा और प्रसाद वितरण के साथ समापन हो गया।
समापन अवसर पर मंदिर परिसर में पुजारी दीप जोशी और देव ब्राह्मण रघुवर दत्त चिलकोटी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान गणपति पूजन, हवन, कौमारी पूजन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की गई।
दोपहर बाद मां भगवती और मां काली की रथ यात्रा निकाली गई। रथ में भगवती के देव डांगर डॉ.सुधाकर जोशी और मां काली के धामी जगदीश जोशी विराजमान रहे। श्रद्धालुओं ने रथ यात्रा के दौरान देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।
रथ यात्रा में विभिन्न स्थानीय देवताओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों और जयकारों के बीच निकली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक भक्ति एवं वीर रस के लोकगीत प्रस्तुत किए।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी