करो या मरो के संकल्प के साथ शुरू हुआ था भारत छोड़ो आंदोलन: रघुवंशी

 


हरिद्वार, 09 अगस्त (हि.स.)। क्रान्ति दिवस और काकोरी काण्ड दिवस पर रविवार को शहीद जगदीश वत्स पार्क, ज्वालापुर में स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के तत्वावधान में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत समिति अध्यक्ष डॉ. वेद प्रकाश आर्य द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर रहें, शहीद जगदीश वत्स अमर रहें के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। डॉ. आर्य, जितेन्द्र रघुवंशी, अनुराग सिंह गौतम, आदित्य गहलौत और आदित्य प्रकाश उपाध्याय ने 17 वर्षीय शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उपस्थित लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की।

इसके बाद झंडा ऊँचा रहे हमारा गीत के साथ पदयात्रा निकाली गई।

समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने कहा कि करो या मरो के संकल्प के साथ 8 अगस्त 1942 को गांधी जी ने अंग्रेजों भारत छोड़ो का आह्वान किया था। इसी आह्वान पर अनगिनत सेनानियों ने बलिदान दिया और देश आजाद हुआ। उन्होंने कहा कि 79 साल बाद भी उन शहीदों को वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे।

रघुवंशी ने काकोरी काण्ड के नायकों रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान और रोशन लाल को भी नमन किया। उन्होंने परिवारों से तिरंगे की शान को हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला